भारत की साइना नेहवाल इंडोनेशिया मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियन बन गई हैं। 28 साल की साइना यह टूर्नामेंट जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। यह उनका इस सीजन का पहला खिताब है। आठवीं सीड साइना ने दो साल बाद पहला बीडब्ल्यूएफ खिताब जीता। इससे पहले, साइना ने 2017 में मलेशिया मास्टर्स जीता था। फाइनल साइना और तीन बार की वर्ल्ड चैंपियन कैरोलिना मारिन के बीच हुआ।
ओलिंपिक चैंपियन मारिन का पहले गेम के दौरान घुटना मुड़ गया। इसके बाद उन्होंने आगे खेल जारी न रखने का फैसला किया। इस दौरान मारिन गेम में 10-4 से आगे थीं। यह मैच केवल सात मिनट चला। अब साइना और मारिन के बीच करिअर रिकॉर्ड 6-6 का हो गया है। साइना पिछले साल इस टूर्नामेंट में रनरअप रहीं थीं। यह साइना का 18वां मेजर बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल था। इसमें वे 11वीं बार चैंपियन बनीं। साइना ने कहा, “यह साल हम सभी खिलाड़ियों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। मारिन को चोट लगना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण रहा। वे बहुत कड़ी प्रतिद्वंद्वी हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की थी। लेकिन टूर्नामेंट का समापन उनके लिए दुखद रहा।’
Not the way I wanted it in the finals of #indonesiamasterssuper500 … injuries are worst for players and it was very unfortunate to see @CarolinaMarin the best player in women’s badminton to face it today in the match .. I wish u a very speedy recovery ? come back soon ? pic.twitter.com/yMsQWetmkk
— Saina Nehwal (@NSaina) January 27, 2019
इससे पहले, साइना ने शनिवार को चीन की ही बिंगजाओ को तीन गेम में हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। साइना ने चीन की खिलाड़ी को 18-21, 21-12, 21-18 से मात दी थी। यह मुकाबला 58 मिनट चला था। साइना और बिंगजाओ के बीच यह पहली ही भिड़ंत थी। साइना ने पिछले साल कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड और एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।